मोबाइल को खत्म कर देगा SIM वाला इयरफोन?
Plaud One देखने में आम वायरलेस ईयरबड्स जैसा ही नजर आता है, लेकिन इसके अंदर कई स्मार्ट फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी के मुताबिक, eSIM की मदद से यूजर कई काम बिना स्मार्टफोन या कंप्यूटर के भी कर सकेगा। हालांकि, कंपनी ने अभी तक यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं किया है कि eSIM के जरिए सीधे फोन कॉल करने की प्रक्रिया किस तरह काम करेगी।
Plaud One में 12mm ड्राइवर्स दिए गए हैं, जो ऑडियो अनुभव के लिए इस्तेमाल होते हैं। इसके साथ एक्टिव नॉयस कैंसिलेशन यानी ANC का सपोर्ट भी मिलता है। कंपनी का दावा है कि इसका केस करीब 5 मीटर की दूरी से भी साफ आवाज रिकॉर्ड कर सकता है। यह फीचर खास तौर पर मीटिंग, बातचीत और जरूरी चर्चाओं को रिकॉर्ड करने में उपयोगी हो सकता है।
बैटरी की बात करें तो कंपनी के अनुसार, एक बार पूरी तरह चार्ज करने के बाद Plaud One करीब 25 घंटे तक बातचीत रिकॉर्ड कर सकता है। इससे लंबे समय तक रिकॉर्डिंग करने वाले यूजर्स को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
Plaud One की सबसे खास बात इसका AI इंटीग्रेशन है। ईयरफोन बातचीत को रिकॉर्ड करने और उसे ट्रांसक्राइब करने के बाद AI की मदद से उस जानकारी को व्यवस्थित करने की सुविधा देता है। यानी यूजर लंबी बातचीत या मीटिंग की रिकॉर्डिंग को टेक्स्ट में बदलकर उसका इस्तेमाल आगे के काम में कर सकता है।
कंपनी ने इसके AI एजेंट को कई लोकप्रिय डिजिटल टूल्स से जोड़ने की सुविधा भी दी है। Plaud One Gmail, Google Calendar, Notion और Slack जैसे प्लेटफॉर्म्स के साथ कनेक्ट हो सकता है। इससे बातचीत से निकली जानकारी को आगे के काम, मीटिंग शेड्यूल और नोट्स जैसे कार्यों में इस्तेमाल किया जा सकता है।
कंपनी का कहना है कि Plaud One का सॉफ्टवेयर और AI फीचर्स इसे दूसरे सामान्य TWS ईयरबड्स से अलग बनाते हैं। जहां आम ईयरफोन मुख्य रूप से ऑडियो सुनने और कॉलिंग के लिए इस्तेमाल होते हैं, वहीं Plaud One को एक AI-पावर्ड पर्सनल डिवाइस के तौर पर पेश किया गया है।
Plaud One की कीमत 249 डॉलर रखी गई है और कंपनी ने इसके लिए प्री-ऑर्डर शुरू कर दिए हैं। शुरुआत में यह प्रोडक्ट अमेरिका में लॉन्च किया गया है। कंपनी जल्द ही इसकी शिपिंग शुरू करने की तैयारी में है। पहले चरण में कंपनी यह देखना चाहती है कि यूजर्स इस तरह के AI इयरफोन को कितना पसंद करते हैं।
Plaud One के जरिए कंपनी यह संकेत दे रही है कि भविष्य में स्मार्टफोन के कुछ काम दूसरे छोटे और स्मार्ट डिवाइस भी संभाल सकते हैं। eSIM, AI, रिकॉर्डिंग और वॉयस कंट्रोल जैसे फीचर्स एक ही डिवाइस में मिलने से यह सिर्फ म्यूजिक सुनने वाला TWS नहीं रह जाता। हालांकि, इसे पूरी तरह स्मार्टफोन का विकल्प मानना अभी जल्दबाजी होगी।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यूजर्स कॉलिंग, मैसेजिंग, कैलेंडर, नोट्स और AI जैसे कामों के लिए स्मार्टफोन की जगह ऐसे इयरफोन पर भरोसा करेंगे। फिलहाल Plaud One अमेरिका में उपलब्ध है और आने वाले समय में इसकी वास्तविक उपयोगिता और यूजर्स की प्रतिक्रिया से पता चलेगा कि eSIM वाले AI इयरफोन स्मार्टफोन की जरूरत को कितना कम कर सकते हैं।