आंख के ऊपर कैसे निकल आया दांत? 16 साल के लड़के के मामले ने डॉक्टरों को चौंकाया
तमिलनाडु के मदुरै में एक 16 साल के लड़के की बाईं आंख की ऊपरी पलक के पास दांत मिलने का हैरान करने वाला मामला सामने आया। शुरुआत में उसकी आंख के ऊपर करीब एक महीने तक बिना दर्द वाली सूजन बनी रही। बाद में आंख और भौंह के बीच दो सख्त, सफेद उभार दिखाई देने लगे। जांच के बाद डॉक्टरों को पता चला कि यह कोई सामान्य गांठ नहीं, बल्कि एक पूरी तरह विकसित दांत था।
सीटी स्कैन से चला असली वजह का पता
यह मामला मदुरै के अरविंद आई हॉस्पिटल में सामने आया। डॉक्टरों ने आंख की जांच के बाद सीटी स्कैन कराया, जिससे असामान्य संरचना की स्थिति और बनावट का पता चला। स्कैन में दांत का ऊपरी हिस्सा और जड़ दोनों मौजूद थे। डॉक्टरों ने यह भी जांचा कि कहीं यह टेराटोमा नाम के किसी दुर्लभ ट्यूमर का हिस्सा तो नहीं है। हालांकि, जांच में इसके टेराटोमा का हिस्सा होने के संकेत नहीं मिले।
क्या होता है एक्टोपिक टूथ?
मेडिकल भाषा में इस स्थिति को एक्टोपिक टूथ (Ectopic Tooth) कहा जाता है। इसमें दांत मुंह के जबड़े में अपनी सामान्य जगह के बजाय शरीर के किसी दूसरे हिस्से में विकसित हो जाता है। दुर्लभ मामलों में दांत नाक के आसपास, तालू या मैक्सिलरी साइनस जैसी जगहों पर भी पाए गए हैं। इस तरह के दांत की वजह से होने वाली परेशानी उसकी स्थिति और आसपास के ऊतकों पर पड़ने वाले असर पर निर्भर करती है।
डॉक्टरों ने सर्जरी से निकाला दांत
जांच पूरी होने के बाद डॉक्टरों ने सर्जरी की मदद से लड़के की आंख के ऊपर मौजूद दांत को निकाल दिया। आंख के आसपास नसें, मांसपेशियां और दूसरी संवेदनशील संरचनाएं होती हैं, इसलिए ऐसी असामान्य बनावट की सही स्थिति का पता लगाना बेहद जरूरी होता है। सीटी स्कैन जैसी जांच सर्जरी की योजना बनाने में मदद करती है। मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, आंख के इस खास हिस्से में एक्टोपिक टूथ का यह पहला दर्ज मामला बताया गया।
आंख के ऊपर दांत क्यों विकसित हुआ?
इस मामले में दांत आंख के ऊपर ही क्यों विकसित हुआ, इसकी सटीक वजह सामने नहीं आई है। दांतों का विकास शरीर के शुरुआती विकास के दौरान होता है और इस प्रक्रिया में असामान्यता होने पर दांत गलत जगह विकसित हो सकते हैं। हालांकि, इस लड़के के मामले में किसी एक निश्चित कारण की पुष्टि नहीं की गई।
आंख के आसपास सूजन को नजरअंदाज न करें
यह मामला बताता है कि शरीर पर दिखाई देने वाली किसी असामान्य सूजन या सख्त उभार की वजह केवल देखकर तय नहीं की जा सकती। आंख के आसपास लगातार सूजन, गांठ या असामान्य उभार दिखाई देने पर डॉक्टर से जांच कराना चाहिए। बिना चिकित्सकीय सलाह के खुद से इलाज करने की कोशिश न करें।