बेल्जियम के फ्लेमिश इलाके के सिंट-गिलिस-डेंडरमोंडे में एक इमारत की नींव और सीवर पाइप बिछाने के लिए खुदाई कर रहे मजदूरों को जमीन के नीचे करोड़ों का खजाना मिला। शुरुआत में मजदूरों को लगा कि वहां 1 यूरो के सिक्कों का पुराना ढेर दबा है, लेकिन जब उन्होंने ध्यान से देखा तो वहां सोने के सिक्के और सोने की ईंटें निकलीं। इस खजाने की कीमत करीब 9 मिलियन यूरो यानी लगभग 95 करोड़ रुपये आंकी गई है। 33 साल के निर्माण अनुभव वाले साइट मैनेजर मारियो और 18 साल के छात्र कोबे समेत पूरी टीम हैरान रह गई। बेल्जियम के नियमों के मुताबिक पूरा खजाना पुलिस को सौंप दिया गया है, क्योंकि कानूनन जमीन से मिला खजाना सीधे मजदूरों का नहीं होता। फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि यह सोना किसका था, और बेल्जियम के कानून के अनुसार असली मालिक के पास इस पर दावा करने के लिए 5 साल का समय है।