संदीप रेड्डी वांगा की मचअवेटेड एक्शन-ड्रामा फिल्म 'स्पिरिट' से दीपिका पादुकोण के बाहर होने को लेकर अब बड़ा खुलासा हुआ है। इस मेगा बजट फिल्म में पहले प्रभास के अपोजिट दीपिका पादुकोण को कास्ट किया गया था, लेकिन बाद में उनकी जगह तृप्ति डिमरी को लिया गया। फिल्म के को-प्रोड्यूसर और संदीप रेड्डी वांगा के छोटे भाई प्रणय रेड्डी वांगा ने एक इंटरव्यू में इस पूरे मामले पर जानकारी दी है। एनटीवी तेलुगु को दिए इंटरव्यू में प्रणय वांगा ने बताया कि दीपिका पादुकोण लंबे समय से फिल्म की स्क्रिप्ट और अपने किरदार से जुड़ी हुई थीं। उन्हें कहानी और भूमिका पसंद आई थी और डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा के साथ उनकी लंबे समय तक बातचीत भी हुई थी। हालांकि जब बात शूटिंग, तारीखों, फीस और काम करने की शर्तों पर पहुंची तो दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाई। प्रणय वांगा के मुताबिक, दीपिका की टीम ने तय फीस के अलावा फिल्म के मुनाफे में 10 फीसदी हिस्सेदारी की मांग की थी। इसके साथ ही शूटिंग के घंटों और काम करने की शर्तों को लेकर भी मतभेद सामने आए। 'स्पिरिट' बड़े बजट और लंबे शूटिंग शेड्यूल वाली फिल्म है, जिसमें प्रभास मुख्य भूमिका में हैं। ऐसे में मेकर्स के लिए इन सभी शर्तों को स्वीकार करना मुश्किल था। आखिरकार असहमति बढ़ने के बाद संदीप रेड्डी वांगा ने दीपिका पादुकोण के साथ आगे काम नहीं करने और नई अभिनेत्री को कास्ट करने का फैसला किया। दीपिका के बाहर होने के बाद मेकर्स ने तृप्ति डिमरी को फिल्म के लिए फाइनल किया। तृप्ति डिमरी को फिल्म 'एनिमल' में उनके अभिनय के बाद काफी लोकप्रियता मिली थी। हालांकि फिल्म में 10 फीसदी प्रॉफिट शेयर की मांग किए जाने का दावा सिर्फ प्रोड्यूसर प्रणय रेड्डी वांगा की ओर से सामने आया है और दीपिका पादुकोण ने इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी है। इसके बावजूद 'स्पिरिट' की कास्टिंग में हुए इस बदलाव को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा जारी है।