स्वाइन फ्लू पॉजिटिव हुए इमरान हाशमी
डॉक्टरों ने इमरान हाशमी को आराम करने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। इस मामले में इंडिया टुडे और आजतक ने अभिनेता से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली थी।
तबीयत खराब होने का असर उनके आगामी कार्यक्रम पर भी पड़ा है। इमरान हाशमी शनिवार को बेंगलुरु में एक इवेंट में शामिल होने वाले थे। उनके शो को अब पोस्टपोन कर दिया गया है। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर स्टोरी शेयर करके अपने फैंस से माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि ठीक होने के बाद वह जल्द ही उनसे मुलाकात करेंगे।
इमरान हाशमी इन दिनों अपनी फिल्म आवारापन 2 की सफलता का आनंद ले रहे हैं। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है। अभिनेता के करीब 23 साल लंबे करियर में यह उनकी पहली फिल्म बताई जा रही है, जिसने इस स्तर का कमर्शियल प्रदर्शन किया है। फिल्म की सफलता को लेकर इमरान और उनके फैंस काफी उत्साहित हैं।
आवारापन 2 के बाद इमरान हाशमी अपनी अगली फिल्म गनमास्टर जी9 की तैयारी में जुटे हैं। इस फिल्म का निर्देशन आदित्य दत्त कर रहे हैं। फिल्म में जेनेलिया डिसूजा और अपारशक्ति खुराना जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। गनमास्टर जी9 की रिलीज नवंबर के आखिरी सप्ताह में 27 तारीख को प्रस्तावित है।
फिलहाल इमरान के लिए डॉक्टरों ने आराम और सावधानी बरतने की सलाह दी है। बीमारी के कारण उनके कार्यक्रम में बदलाव किया गया है और फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद कर रहे हैं।