सऊदी में चलने वाली पहली ट्रेन में क्या-क्या होगा? 7 लाख रुपये रात का किराया, 34 सुइट और 24 घंटे बटलर
सऊदी अरब अपनी पहली अल्ट्रा-लग्जरी ट्रेन ‘ड्रीम ऑफ द डेजर्ट’ शुरू करने की तैयारी में है। इसे सामान्य ट्रेन की तरह नहीं, बल्कि एक चलते-फिरते महल की तरह तैयार किया जा रहा है। ट्रेन में होटल जैसे शानदार सुइट, 24 घंटे बटलर सेवा, रूम सर्विस, फाइन डाइनिंग, लाउंज और लाइव एंटरटेनमेंट जैसी सुविधाएं होंगी। खास बात यह है कि सफर के दौरान यात्री सऊदी अरब के विशाल रेगिस्तान और ऐतिहासिक इलाकों के खूबसूरत नजारे भी देख सकेंगे।
एक रात का किराया लाखों में
इस ट्रेन की सबसे ज्यादा चर्चा इसके किराए को लेकर है। रिपोर्ट के मुताबिक, एक केबिन की शुरुआती कीमत करीब 30,000 सऊदी रियाल यानी लगभग 30,000 दिरहम प्रति रात बताई गई है। भारतीय रुपये में यह रकम करीब 6.5 से 7 लाख रुपये प्रति रात के आसपास बैठती है। हालांकि भारतीय रुपये में वास्तविक कीमत एक्सचेंज रेट के हिसाब से बदल सकती है।
शुरुआती यात्राओं में शामिल होने के इच्छुक यात्रियों के लिए करीब 2,500 दिरहम का रिफंडेबल डिपॉजिट देकर प्राथमिकता सूची में नाम दर्ज कराने की व्यवस्था भी बताई गई है।
12 कोच और 34 शानदार सुइट
‘ड्रीम ऑफ द डेजर्ट’ में कुल 12 कोच होंगे और इनमें यात्रियों के लिए 34 सुइट तैयार किए जाएंगे। ट्रेन में एक समय में करीब 72 यात्री सफर कर सकेंगे। कम यात्रियों की संख्या के चलते यहां भीड़भाड़ वाली सामान्य रेल यात्रा के बजाय निजी और आरामदायक अनुभव पर जोर दिया जाएगा।
खिड़की से दिखेगा सऊदी का रेगिस्तान
इस ट्रेन का सबसे खास हिस्सा इसका सफर और रूट है। ट्रेन रियाद से शुरू होकर सऊदी अरब के उत्तरी हिस्से की ओर जाने की योजना के साथ तैयार की जा रही है। इसके रूट में हाइल और अल कुरय्यात जैसे स्थान शामिल किए गए हैं। यानी यात्री केवल मंजिल तक पहुंचने के लिए ट्रेन में नहीं बैठेंगे, बल्कि सफर के दौरान ही सऊदी अरब के रेगिस्तान, प्राकृतिक नजारों और ऐतिहासिक इलाकों का अनुभव करेंगे।
खाने से लेकर आराम तक, सब कुछ लग्जरी
आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, ट्रेन के अंदर यात्रियों को प्रीमियम होटल जैसा अनुभव देने की तैयारी है। शानदार सुइट के साथ आरामदायक बैठने और सोने की व्यवस्था, फाइन डाइनिंग, लाउंज और दूसरी प्रीमियम सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ट्रेन की डिजाइन में आधुनिक लग्जरी के साथ सऊदी अरब की पारंपरिक संस्कृति को भी शामिल किया गया है।
सऊदी संस्कृति और आधुनिक डिजाइन का मेल
ट्रेन के इंटीरियर में लकड़ी की नक्काशी, शानदार कपड़े, हल्की रोशनी और आकर्षक डिजाइन एलिमेंट शामिल किए गए हैं। इसके कई डिजाइन एलिमेंट सऊदी की पारंपरिक कला और घुड़सवारी की संस्कृति से प्रेरित बताए गए हैं। रिसेप्शन और लाउंज को पारंपरिक सऊदी ‘मजलिस’ से प्रेरित किया गया है, जहां हाथ से की गई लकड़ी की नक्काशी, खास पैटर्न और बुने हुए कपड़ों का इस्तेमाल किया गया है।
ट्रेन के डिजाइन पर आर्किटेक्ट एलीन अस्मार डी'अम्मान और उनके स्टूडियो Culture in Architecture ने काम किया है। इसका उद्देश्य आधुनिक लग्जरी और सऊदी विरासत को एक ही अनुभव में जोड़ना है।
24 घंटे बटलर और रूम सर्विस
इतनी महंगी यात्रा में सर्विस पर भी खास ध्यान दिया गया है। आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, यात्रियों के लिए समर्पित बटलर और 24 घंटे रूम सर्विस की सुविधा होगी। यानी यात्री अपने सुइट में रहते हुए भी जरूरी सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। खाने-पीने की सर्विस के साथ ट्रेन में लाइव परफॉर्मेंस की सुविधा भी होगी।
सऊदी के पर्यटन को मिलेगा नया अनुभव
सऊदी अरब पिछले कुछ वर्षों से पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। ‘ड्रीम ऑफ द डेजर्ट’ को भी इसी दिशा में एक खास लग्जरी टूरिज्म प्रोजेक्ट के तौर पर पेश किया जा रहा है। इसका मकसद यात्रियों को सऊदी अरब के अलग-अलग इलाकों को पारंपरिक पर्यटन से अलग अंदाज में देखने का मौका देना है।
यानी यहां ट्रेन सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने का साधन नहीं होगी। इसका पूरा फोकस सफर को ही एक खास अनुभव बनाने पर होगा। बाहर विशाल रेगिस्तान और ऐतिहासिक नजारे होंगे, जबकि ट्रेन के अंदर होटल जैसी सुविधाओं के साथ आधुनिक लग्जरी और सऊदी संस्कृति का मेल देखने को मिलेगा।