LinkedIn पर नौकरी नहीं, मां ढूंढ रही थी बेटे के लिए दुल्हन!
उदयपुर की ब्रांड मार्केटिंग प्रोफेशनल मुद्रिका कवडिया ने इस पूरे मामले का स्क्रीनशॉट एक्स पर शेयर किया. मैसेज भेजने वाली महिला ने बताया कि वह मुद्रिका की मां की उम्र की हैं. उन्होंने अपने 1997 में जन्मे बेटे के लिए रिश्ता तलाशने की बात कही. उनका बेटा बायोमेडिकल साइंसेज में PhD कर चुका है और अमेरिका में सेटल है.
महिला ने बेहद शालीन अंदाज में लिखा, "डियर मुद्रिका बेटा, मैं आपकी मां की उम्र की हूं, इसलिए आपको बेटा कह रही हूं." इसके बाद उन्होंने पूछा कि क्या मुद्रिका सिंगल हैं और उनकी सगाई या शादी तो नहीं हुई है.
मैसेज में आगे लिखा था कि अगर वह सिंगल हैं और इच्छुक हैं, तो दोनों पक्ष आपस में जानकारी साझा कर सकते हैं. महिला ने अंत में "गॉड ब्लेस यू" लिखकर अपना मैसेज खत्म किया.
मुद्रिका ने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा कि उन्हें LinkedIn पर एक PhD मां का मैसेज मिला है, जो अपने बेटे के लिए एक अच्छी दुल्हन तलाश रही हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि कोई मां LinkedIn पर अपने PhD बेटे के लिए दुल्हन तलाश रही होगी.
पोस्ट वायरल होते ही लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं. कुछ लोगों ने कहा कि LinkedIn नौकरी और प्रोफेशनल नेटवर्किंग के लिए है, शादी के रिश्ते तलाशने के लिए नहीं. वहीं कई लोगों को महिला का तरीका पसंद आया. लोगों ने कहा कि उनका मैसेज इतना सम्मानजनक और ईमानदार था कि उस पर नाराज होना भी मुश्किल है.
मुद्रिका ने भी इस घटना को गंभीरता से लेने के बजाय मजाकिया अंदाज में लिया. उन्होंने महिला की ईमानदारी और शालीनता को पसंद किया और इस पूरे मामले को "प्रिटी क्यूट" बताया.
अब यह घटना सोशल मीडिया पर मॉडर्न मैचमेकिंग को लेकर चर्चा का विषय बन गई है. सवाल यही है कि क्या LinkedIn अब सिर्फ नौकरी और नेटवर्किंग तक सीमित रहेगा, या माता-पिता के लिए रिश्ते तलाशने का नया प्लेटफॉर्म भी बनता जा रहा है?